दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 103,141 हो गई है जबकि 1,700,760 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि असल आंकड़ा काफी अलग हो सकता है क्योंकि अधिकांश देश केवल गंभीर मामलों की ही जांच करा रहे हैं। वहीं अमेरिका में हालात और बिगड़ते जा रहे हैं और एक ही दिन में 2108 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या 18,777 तक पहुंच गई है। महामारी पर नियंत्रण पा चुके चीन की मुश्किलें फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। चीन में संक्रमण के 46 नए मामले सामने आए हैं। स्पेन में रोज होने वाली मौतों में कमी आई है वहां बीते 24 घंटे में 510 लोगों की मौत हो गई है।
स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में कोरोना वायरस से 510 लोगों की मौत हुई है। इस तरह स्पेन में मृतकों की संख्या 16,353 हो गई है। 23 मार्च के बाद यह पहला मौका जब एक दिन में मृतकों की संख्या इतनी कम है। संक्रमण के 4800 नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 161,852 हो गई है। इटली और अमेरिका के बाद महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन के लिए मौत और संक्रमण के आंकड़ों में कमी एक उत्साहजनक संकेत है। स्पेन में लॉकडाउन को खोलने के क्रमिक उपायों पर विचार शुरू हो गया है। सोमवार से निर्माण और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में श्रमिकों को काम की अनुमति होगी।
स्पेन ने फ्रांस और पुर्तगाल से लगती सीमा पर आवाजाही पर प्रतिबंध को दो सप्ताह और बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि क्योंकि कुछ कंपनियां फिर से खुल रही हैं, इसलिए सोमवार से मेट्रो और ट्रेन के स्टेशनों पर मास्क बांटे जाएंगे। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया है। वहीं मैक्सिको के समुद्र तटीय शहरों में कोई घुस नहीं सके, इसके लिए वहां के लोगों ने सड़कों को विभिन्न अवरोधों के माध्यम से बंद कर दिया है। अगर कोई भी इन शहरों में घुसने की कोशिश करेगा तो उसे 12 दिनों तक क्वांरटाइन में रहना होगा।
चीन में कोरोना संक्रमण के 46 नए मामलों में से चार घरेलू संक्रमण के हैं। एक दिन पहले संक्रमण की संख्या 42 थी। कोरोना वायरस के 34 ऐसे मामलों का भी पता चला है, जिनमें संक्रमण के कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। चीन में इस वैश्विक महामारी से तीन और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,339 हो गई है। चीन में शुक्रवार तक विदेशों से आए संक्रमित लोगों की संख्या 1,183 दर्ज थी। इनमें से 449 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और 734 लोगों का उपचार किया जा रहा है इनमें से 37 की हालत गंभीर है। इसके साथ ही चीन में संक्रमित लोगों की कुल संख्या शुक्रवार को 81,953 पर जा पहुंची है जिनमें 1,089 मरीजों का उपचार जारी है।