महाशक्ति अमेरिका में महामारी कोविड-19(COVID-19) के सबसे अधिक मरीज पाए जा रहे हैं, इनकी संख्या में दिनोंदिन बढ़ोतरी हो रही है। अमेरिका में इतने अधिक मरीज पाए जाने पर अब कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में अमेरिका शीर्ष पर है, इसके बाद इटली और फिर चीन का नंबर आ रहा है। चीन का तीसरे नंबर पर होना भी अपने आप में चौंकाने वाला है। चीन के दो प्रांतों से इस बीमारी की शुरूआत हुई उसके बाद भी वो तीसरे नंबर पर है जो किसी के गले नहीं उतर रहा है। इस संक्रामक बीमारी के बारे में जब से दुनिया के देशों को पता चला है उसी के बाद से ये सवाल उठ रहा है कि चीन ने अपने यहां इस वायरस से बीमार और मरने वालों के आंकड़े छिपाए हैं। मगर सच्चाई अब तक सामने नहीं आ सकी है।
अमेरिका में 1 लाख 4 हजार 837 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। अमेरिका में अब तक 2200 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि इटली में 9,134 लोग संक्रमण का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं। बीते कई दिनों सें वहां हर रोज 500 से ज्यादा लोगों की जान जा रही है। अब दुनिया भर में कोविड-19 (COVID-19)से प्रभावित लोगों की संख्या अब 6 लाख को पार कर गई है। यदि पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक इससे 28 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। बीते दो दिनों से हर रोज दुनियाभर में एक लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो रहे हैं।
यूरोप में स्पेन और जर्मनी भी इसमें घिरते जा रहे हैं। स्पेन में पीड़ितों की संख्या 65 हजार और जर्मनी में 53 हजार को पार कर गई है। स्पेन में 5,690 लोगों की जान गई है जबकि जर्मनी में 395, स्पेन के लिए बीते 24 घंटे सबसे ज्यादा घातक साबित हुए। यहां 832 लोगों की जान गई है जो एक दिन में अब तक स्पेन के लिए सबसे ज्यादा है।
दक्षिण अफ्रीका में तालाबंदी शुरू होने के बाद अब रूस और आयरलैंड ने भी धीरे धीरे लोगों की गतिविधियों पर पाबंदी लगानी शुरू कर दी है। यहां रेस्तरां और कैफे बंद करने के आदेश दिए गए हैं। रूस में शुक्रवार तक 1000 लोगों में कोराना का संक्रमण हो चुका है अब यहां काम बंद करने के आदेश दिए गए हैं। यह पहला हफ्ता होगा जब रूस में दफ्तर बंद होंगे।
अब तक सुरक्षित नजर आ रहे चीन के आसपास के कुछ देशों में संक्रमण बढ़ा है। शनिवार को मलेशिया में संक्रमण के 159 नए मामले सामने आए, यहां अब तक 2,320 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं और 26 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह इंडोनेशिया में 109 नए मामलों के साथ कुल संख्या 1,555 पर पहुंच गई है। इंडोनेशिया में 87 लोगों की मौत हुई है।