महिलाओं की ओर से तैयार उत्पादों को अब बाजार मिल गया है। उत्पादों को महिलाएं यहां लाकर स्टॉल में लगा सकेंगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सुभाष रोड पुलिस मुख्यालय के सामने स्थित शोरूम स्वावलंबनी का उद्घाटन किया।
सरस्वति जागृति स्वयं सहायता समूह और महिला हथकरघा बुनकर समूह की ओर से संचालित इस शोरूम में पहाड़ी उत्पादों के साथ ही हथकरघा से तैयार कपड़ों के 10 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के साथ पहाड़ी व्यंजनों को बढ़ावा देने, पर्यटकों को उत्तराखंड के पारंपरिक पहनावा, व्यंजन आदि की इस माध्यम से पहचान बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश में पर्यटकों को पहाड़ी व्यंजनों की चाहत रहती है, इससे यहां के उत्पाद को देश दुनिया में पहचान मिलने के साथ लोग पारंपरिक और उत्पादन के प्रति प्रेरित होंगे। इस मौके पर महापौर सुनील उनियाल गामा, सरस्वती जागृति महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष पूजा तोमर, सुषमा वर्मा, गायत्री श्रीवास्तव, रिद्धि कांबोज आदि मौजूद रहे।
समूह की अध्यक्ष पूजा तोमर ने बताया कि पहाड़ी रसोई के तहत कंडाली चाय, चैंसू भात, अरसे आदि पारंपरिक व्यंजन का आनंद ले सकते हैं। देहरादून के अलावा विकासनगर, चकराता, उत्तरकाशी आदि क्षेत्रों की महिला समूहों ने विभिन्न स्टॉल लगाए हैं।