पिछले साल 18 जुलाई को अनुशासनहीनता के आरोप में छह साल के लिए भाजपा से निष्कासित किए गए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की सोमवार को भाजपा में वापसी हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में इसका एलान किया। इस मौके पर भगत समेत अन्य नेताओं ने चैंपियन का पार्टी में स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल को भी पार्टी ने माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों ने भाजपा की रीति-नीति के अनुसार चलने और अनुशासन में रहने का भरोसा दिलाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा कि शुक्रवार को हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में विधायक चैंपियन और कर्णवाल के मसले पर विमर्श हुआ था। अनुशासनहीन आचरण के आरोप में कर्णवाल को नोटिस दिया गया था, जिसका वह जवाब दे चुके हैं। तय हुआ कि दोनों विधायकों के अपनी गलतियों के लिए खेद जताने के मद्देनजर इन पर फैसला ले लिया जाना चाहिए। इसी क्रम में बीते रोज दोनों विधायकों का पक्ष सुना गया। दोनों ने ही पिछली गलतियों की पुनरावृत्ति न होने देने का भरोसा दिलाया। भगत ने कहा कि जब कोई गलती करता है तो उसे इसका अहसास कराया जाता है। इसी के दृष्टिगत विधायक चैंपियन को पार्टी से निष्कासित किया गया। चैंपियन ने न सिर्फ अपनी गलती स्वीकारी, बल्कि 13 माह में कोई अमर्यादित कार्य या व्यवहार नहीं किया। वह निरंतर भाजपा के संपर्क में बने भी रहे।